Almora: उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों से लेकर पर्वतीय इलाकों तक गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। अल्मोड़ा जिले के विकासखंड सल्ट अंतर्गत टोटाम गांव में दिनदहाड़े गुलदार दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है।
ग्राम प्रधान टोटाम प्रतिनिधि बालम सिंह द्वारा घटना की सूचना वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही डीएफओ अल्मोड़ा दीपक सिंह के निर्देश पर वन क्षेत्राधिकारी मोहान गंगा सरन के नेतृत्व में वन विभाग की टीम का गठन किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना किया और स्थानीय ग्रामीणों को मानव-वन्यजीव संघर्ष से बचाव के प्रति जागरूक किया।
वन क्षेत्राधिकारी मोहान गंगा सरन ने बताया कि टोटाम गांव में गुलदार दिखाई देने की सूचना के बाद वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है। सौराल, टोटाम और खोल्यो सहित आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।खोल्यो गांव की घटना के बाद गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए चार पिंजरे और चार ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं।
गौरतलब है कि बीते एक माह पूर्व ग्राम खोल्यो में गुलदार ने मवेशियों के लिए चारा लेने जा रही एक महिला को मौत के घाट उतार दिया था, जिसके बाद से क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। एक बार फिर गुलदार की मौजूदगी से ग्रामीण सहमे हुए हैं।
वन विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में पिंजरे और ट्रैप कैमरे लगाए जा रहे हैं, लेकिन ग्रामीणों को गुलदार आतंक से कब स्थायी राहत मिलेगी, यह एक बड़ा सवाल बना हुआ है।
