भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत एक बार फिर सुर्खियों में हैं, हालांकि इस बार वजह उनका बल्ला या मैदान पर उनका प्रदर्शन नहीं, बल्कि उत्तराखंड में जमीन लेने को लेकर की गई उनकी अपील और अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जवाब है। पंत फिलहाल श्रीलंका इलेवन के खिलाफ कोलंबो में वार्म अप मैच खेल रहे हैं, वह विकेटकीपिंग करते भी नजर आए थे।
इसके बाद शुक्रवार आधी रात उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को टैग करते हुए राज्य में जमीन दिलाने की गुहार लगाई थी। पंत ने उत्तराखंड में अपना बेस बनाने और अपने राज्य के लिए काम करने की इच्छा जताई थी। उनकी अपील सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई थी। अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंत की अपील का जवाब देते हुए संबंधित अधिकारियों को मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पंत की अपील पर cm धामी-
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषभ पंत के पोस्ट का जवाब देते हुए उन्हें उत्तराखंड का गौरव बताया, उन्होंने कहा कि पंत ने अपने शानदार खेल और उपलब्धियों के जरिए देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है। धामी ने पंत की अपनी मातृभूमि के प्रति भावनाओं और उत्तराखंड लौटकर योगदान देने की इच्छा की भी सराहना की।
धामी ने लिखा, ‘प्रिय ऋषभ, आप उत्तराखण्ड के गौरव हैं। आपने अपने शानदार खेल और उपलब्धियों से देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है। अपनी मातृभूमि के प्रति आपका यह प्रेम और यहां वापस आकर योगदान देने की भावना अत्यंत सराहनीय है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘आपके द्वारा उठाए गए विषय के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जा रहा है। वे शीघ्र ही आपसे संपर्क कर नियमानुसार हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करेंगे।’
CM धामी से पंत ने की थी खास अपील
पंत ने शनिवार रात करीब 12:46 बजे (शनिवार) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को टैग करते हुए लिखा कि वह दिल्ली से अपना बेस उत्तराखंड शिफ्ट करना चाहते हैं, लेकिन उन्हें ऐसी जमीन नहीं मिल पा रही है, जहां वह अपना घर बना सकें। उन्होंने खुद को उत्तराखंड का स्थानीय बताते हुए कहा कि वह अपने राज्य से बेहद प्यार करते हैं और वापस अपने पहाड़ी लोगों के बीच जाना चाहते हैं।
पंत ने लिखा, ‘सर, मैं दिल्ली से अपना बेस उत्तराखंड शिफ्ट करने के लिए जमीन खरीदने की कोशिश कर रहा हूं, लेकिन मुझे ऐसी बड़ी और रहने लायक जगह नहीं मिल पा रही है। मुझे अपना उत्तराखंड बहुत पसंद है। मेरा आपसे विनम्र अनुरोध है कि जमीन हासिल करने में मेरी मदद करें।’ उन्होंने आगे कहा कि वह अपने राज्य के लिए काम करना और उत्तराखंड के विकास में योगदान देना चाहते हैं। पंत के मुताबिक, वह पिछले करीब तीन साल से जमीन हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें सफलता नहीं मिली है।
