कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार में गंगा नहर क्लोजर की अवधि का उपयोग करते हुए घाटों के निर्माण और मरम्मत के महत्वपूर्ण कार्य पूरे कर लिए गए हैं। करीब सवा तीन किलोमीटर क्षेत्र में 10 नए घाटों का निर्माण कराया जा रहा है, जिनका अधिकांश काम पूरा हो चुका है। इसके अलावा अपर गंगा कैनाल और एस्केप चैनल पर बने 56 पुराने घाटों के जलमग्न हिस्सों की मरम्मत भी पूरी कर ली गई है। मेलाधिकारी सोनिका के निर्देश पर क्लोजर अवधि में दिन-रात काम कराकर इन कार्यों को तय समयसीमा में पूरा किया गया। शेष निर्माण और सौंदर्यीकरण के कार्य 30 नवंबर तक पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है।
कुंभ मेला-2027 के लिए हरिद्वार में घाटों को विकसित करने का काम तेजी से चल रहा है। गंगा नहर क्लोजर के दौरान उन निर्माण कार्यों को प्राथमिकता दी गई, जिन्हें सामान्य जलप्रवाह शुरू होने के बाद करना संभव नहीं था।
मेलाधिकारी सोनिका के निर्देश पर निर्माण कार्यों के लिए दिन-रात काम कराया गया। साथ ही गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी भी की गई।सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल के मुताबिक, हरिद्वार में करीब सवा तीन किलोमीटर क्षेत्र में 10 नए घाटों का निर्माण कराया जा रहा है। इनका अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। शेष काम 30 नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है।इसके अलावा अपर गंगा कैनाल के 34 और एस्केप चैनल के 22 पुराने घाटों के जलमग्न हिस्सों की मरम्मत भी क्लोजर अवधि में पूरी कर ली गई है।
गंगा नहर बंदी की अवधि समाप्त होने के बाद सामान्य जलप्रवाह शुरू होगा। इसके बाद घाटों के ऊपरी हिस्सों का निर्माण, सौंदर्यीकरण और फिनिशिंग का काम तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।
कुंभ मेला-2027 के मद्देनजर घाटों को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित स्नान व्यवस्था के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सभी शेष कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे कर लिए जाएंगे।
