fresh crime scene at night
धर्मनगरी हरिद्वार में पार्किंग के मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। हर की पैड़ी के पास स्थित दीनदयाल पार्किंग में कार सवार युवकों ने एक पार्किंग कर्मचारी पर गाड़ी चढ़ा दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देकर भाग रहे हरियाणा के दो युवकों को पुलिस ने टोल प्लाजा के पास से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
हरियाणा नंबर की एक वैगन-आर कार दीनदयाल पार्किंग में दाखिल हुई। वहां तैनात 55 वर्षीय कर्मचारी सहदेव जब कार की पर्ची काटने पहुंचे, तो कार सवार युवकों से उनकी किसी बात को लेकर बहस हो गई।
आरोप है कि बहस इतनी बढ़ी कि कार चला रहे विशाल नामक युवक ने तैश में आकर सहदेव पर गाड़ी चढ़ा दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सहदेव गंभीर रूप से घायल हो गए।
आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
वारदात के बाद आरोपी कार छोड़कर मौके से फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें टोल प्लाजा के पास दबोच लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
