Haridwar: हरिद्वार में चल रही बोर्ड परीक्षाओं के बीच बड़ा परीक्षा घोटाला सामने आया है, जहां असली छात्र की जगह दूसरे लोग परीक्षा देते पकड़े गए।
रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के राजकीय इंटर कॉलेज सलेमपुर में हिन्दी की बोर्ड परीक्षा के दौरान उस समय हड़कंप मच गया जब परीक्षा कक्ष में बैठी चार युवतियां और तीन युवक संदिग्ध पाए गए। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी असली परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र पर अपने फोटो चस्पा कर परीक्षा दे रहे थे।
मामले की जानकारी मिलते ही कॉलेज प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद रानीपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सातों आरोपियों को हिरासत में ले लिया और उनके कब्जे से फर्जी प्रवेश पत्र बरामद किए। बताया जा रहा है कि एक अन्य संदिग्ध परीक्षा केंद्र से फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश जारी है।
नवनीत सिंह भुल्लर एसएसपी हरिद्वार ने बताया कि प्रधानाचार्य की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
बोर्ड परीक्षा की साख पर सवाल खड़े करने वाले इस संगठित खेल के पीछे और कौन-कौन शामिल है, अब पुलिस उसी नेटवर्क की परतें खंगालने में जुटी हुई है।
