आगामी कुंभ मेले की तैयारियों के बीच पर्यावरण मित्रों के मानदेय और सुविधाओं का मुद्दा उठा है। राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष संतोष गौरव ने कुंभ मेला और नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर कर्मचारियों की समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने दिसंबर में प्रस्तावित भर्ती से पहले समस्याओं का समाधान करने और कर्मचारी प्रतिनिधिमंडल के साथ एक सप्ताह के भीतर बैठक करने के निर्देश दिए।
–डामकोठी में हुई बैठक में पर्यावरण मित्रों के लिए प्रस्तावित 500 रुपये प्रतिदिन के मानदेय को बढ़ाने की मांग उठाई गई। संतोष गौरव ने कहा कि दूरदराज से आने वाले कर्मचारियों के लिए इस मानदेय पर काम करना मुश्किल हो सकता है। उन्होंने आवागमन, आवास और खान-पान की उचित व्यवस्था के साथ कर्मचारियों के बच्चों की शिक्षा पर भी ध्यान देने की आवश्यकता बताई। मानदेय बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री से आग्रह किए जाने की जानकारी भी दी।
बैठक में मृतक आश्रितों की नियुक्ति का मामला भी उठा। उपाध्यक्ष ने शैक्षिक योग्यता के अनुरूप पात्र अभ्यर्थियों को लिपिक पद पर नियुक्ति देने संबंधी शिकायतों की जांच कर शासनादेश के अनुसार कार्रवाई करने को कहा। वहीं, ठेका सफाई कर्मचारियों को समय पर वेतन दिलाने के लिए भी अधिकारियों से आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।
