Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज अल्मोड़ा के पांडेखोला पहुंचे। जम्मू-कश्मीर के राजौरी में देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी के आवास पहुंचकर सीएम ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सीएम ने शहीद बीरेश्वर के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और इस कठिन समय में उन्हें ढांढस बंधाया।
सीएम ने कहा कि शहीद बीरेश्वर की वीरता को अमर रखने के लिए उनके नाम पर एक भव्य गेट का निर्माण कराया जाएगा,
ताकि आने वाली पीढ़ियां उनकी शहादत से प्रेरणा ले सकें। सीएम ने राज्य सरकार की ओर से शहीद के परिवार को हर संभव मदद का पूरा आश्वासन भी दिया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र रक्षा हेतु दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। माँ भारती की सेवा के प्रति उनका समर्पण, अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा हम सभी को देश सेवा एवं राष्ट्रभक्ति के लिए निरंतर प्रेरित करती रहेगी।
