Chamoli: चमोली के कर्णप्रयाग विकासखंड के संकड़ गांव में सड़क की मांग पूरी नहीं होने से ग्रामीणों का आक्रोश अब श्रमदान में बदल गया है। करीब डेढ़ साल से सड़क निर्माण का इंतजार कर रहे ग्रामीणों ने सरकारी सिस्टम का इंतजार छोड़कर खुद ही सड़क बनाने का बीड़ा उठाया है। ग्रामीण हाथों में कुदाल, सब्बल और बेलचा लेकर सड़क निर्माण में जुटे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क नहीं होने के कारण उन्हें करीब आठ किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है।
कर्णप्रयाग तहसील क्षेत्र का संकड़ गांव गौचर से करीब 15 किलोमीटर दूर है। पलायन की समस्या के बावजूद गांव में वर्तमान समय में करीब 20 परिवार रह रहे हैं। ग्रामीण लंबे समय से गांव तक सड़क पहुंचाने की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, उन्होंने मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी, एसडीएम, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों को कई बार पत्र देकर समस्या से अवगत कराया, लेकिन मांग पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों का कहना है कि करीब डेढ़ वर्ष पहले सड़क निर्माण को लेकर कर्णप्रयाग तहसील में आंदोलन भी किया गया था। इसके बाद लोक निर्माण विभाग और प्रशासन की ओर से जल्द सड़क निर्माण शुरू करने का भरोसा दिया गया, लेकिन अभी तक काम शुरू नहीं हुआ। इससे नाराज ग्रामीणों ने अब खुद सड़क बनाने का फैसला लिया है।
ग्रामीण सुबह से शाम तक श्रमदान कर मोटर मार्ग बनाने में जुटे हैं। आसपास के गांवों के लोग भी संकड़ के ग्रामीणों के इस प्रयास की सराहना कर रहे हैं। ग्रामीणों के हाथों में कुदाल और सब्बल देखकर प्रशासन और लोनिवि के अधिकारी भी उनके हौसले की तारीफ कर रहे हैं।
