ड्रामा और इमोशंस से भरपूर रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ अपने 20वें सीजन के साथ दस्तक देने वाला है। आज बुधवार को इसका ट्रेलर जारी हुआ है। इसमें सलमान खान शो में सामने आने वाली चुनौतियों और ट्विस्ट का जिक्र करते दिखे हैं, वे ‘तथास-टू’ बोलते हुए सबसे बड़े ट्विस्ट का खुलासा करते हैं।
रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ का ट्रेलर जियो हॉटस्टार ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया है। वीडियो के शुरुआत में, दर्शकों से खचाखच भरा अखाड़ा है, योद्धा दो-दो हाथ कर रहे हैं। एक योद्धा पस्त हो जाता है। तभी घोड़ा को लेकर सलमान खान अखाड़े में एंट्री लेते हैं और चारों खाने चित्त योद्धा को ‘तथास-टू’ बोलते हुए उठने को कहते हैं। इसी के साथ सलमान खान खुलासा करते हैं कि इस बार गेम में हर प्रतिभागी को दो मौके मिलेंगे। शो में दो जीवनदान का वरदान दिया जाएगा।
शो का नया ट्विस्ट इशारा करता है कि इस बार बिग बॉस के घर में हर फैसला पहले से कहीं ज्यादा मायने रखेगा और हर कंटेस्टेंट को अपने गेम को एक नए अंदाज में खेलने की चुनौती मिलेगी। कंटेस्टेंट्स को एक अतिरिक्त मौका तो मिलेगा, लेकिन यह जीवनदान कब और कैसे काम आएगा, यह इस सीजन के सबसे बड़े रहस्यों में से एक है। यह भी साफ है कि इस बार सेफ खेलने का कोई चांस नहीं है।
‘बिग बॉस 20’ की शुरुआत 06 सितंबर से होगी। यह कलर्स पर प्रसारित होगा। इसके अलावा इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर भी देखा जा सकेगा। शो की नई थीम के बारे में बात करते हुए सलमान खान ने कहा, ‘बिग बॉस में हर साल गेम बदलता है। इस बार सिर्फ गेम नहीं, खेलने का तरीका भी बदलने वाला है’।
