Batwara 1947: सुपरस्टार सनी देओल एक बार फिर बड़े पर्दे पर इतिहास के सबसे संवेदनशील अध्याय को जीवंत करने जा रहे हैं, आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले और निर्देशक राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बंटवारा 1947’ अब आधिकारिक तौर पर रिलीज के लिए तैयार है। पहले इस फिल्म का नाम ‘लाहौर 1947’ रखा गया था, लेकिन अब इसे बदलकर ‘बंटवारा 1947’ कर दिया गया है।
फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक देगी और उसी दिन इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन 2’ भी रिलीज हो रही है, जिससे बॉक्स ऑफिस पर दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है।
सनी देओल ने शुरू किया फिल्म का प्रमोशन
सनी देओल ने सोशल मीडिया पर फिल्म का पहला आधिकारिक पोस्टर साझा करते हुए रिलीज डेट की घोषणा की। पोस्टर और टैगलाइन से साफ संकेत मिलता है कि यह फिल्म 1947 के भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित एक भावनात्मक और ऐतिहासिक ड्रामा है। फिल्म के पोस्टर के साथ लिखी गई लाइन—”नफरत और डर के बीच उसने बहादुरी दिखाना चुना” फिल्म की कहानी और सनी देओल के किरदार की झलक पेश करती है।
राजकुमार संतोषी और सनी देओल की हिट जोड़ी फिर साथ
‘गदर 2’, ‘जाट’ और ‘बॉर्डर 2’ जैसी सफल फिल्मों के बाद सनी देओल एक बार फिर दमदार अंदाज में लौट रहे हैं। खास बात यह है कि इस फिल्म के जरिए निर्देशक राजकुमार संतोषी और सनी देओल की सुपरहिट जोड़ी फिर साथ आई है। इससे पहले दोनों ने ‘घायल’, ‘घातक’ और ‘दामिनी’ जैसी यादगार फिल्में दी हैं।
