चमोली में बदरीनाथ हाईवे पर बाजपुर के पास बाधित हुई आवाजाही अब सुचारू हो गई है। सुबह पहाड़ी से बोल्डर और मलबा गिरने के कारण हाईवे बंद हो गया था, जिससे दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। एनएच की टीम ने मलबा हटाकर सड़क को यातायात के लिए खोल दिया है।
सुबह पहाड़ी से अचानक बोल्डर और भारी मलबा गिरने के चलते बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग बाजपुर के पास अवरुद्ध हो गया था। हाईवे बंद होने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।
सूचना के बाद हाईवे पर मलबा हटाने का काम शुरू किया गया और कुछ समय बाद सड़क को साफ कर वाहनों की आवाजाही सुचारू कर दी गई। फिलहाल हाईवे पर यातायात सामान्य रूप से चल रहा है।
हालांकि पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के चलते भूस्खलन और बोल्डर गिरने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में वाहन चालकों से सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर ही रुकने की अपील की जा रही है।
