Almora: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा देवेन्द्र पींचा के कुशल नेतृत्व में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन को साकार करने की दिशा में लगातार कार्रवाई करते हुए रानीखेत पुलिस व एसओजी टीम ने 66 किलो से अधिक गांजे के साथ तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है।
सोमवार सुबह कोतवाली रानीखेत एवं एसओजी की संयुक्त टीम ने अशोक द्वार के पास चेकिंग अभियान के दौरान रानीखेत से हल्द्वानी की ओर जा रही हुंडई औरा कार को रोका।
वाहन में सवार युवकों ने खुद को टूरिस्ट बताते हुए ट्रॉली बैगों में सामान होने की बात कही, लेकिन तलाशी के दौरान बैगों में कपड़ों के बजाय गांजा भरा मिला। पुलिस ने कार से कुल 66.288 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी बाजार कीमत करीब 16 लाख 57 हजार 200 रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में सामने आया है कि तीनों आरोपी सराईखेत क्षेत्र से गांजा लेकर ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद) की ओर जा रहे थे, जहां इसे ऊंचे दामों में बेचने की योजना थी। पुलिस द्वारा गांजा क्रय-विक्रय के नेटवर्क और स्रोतों की गहन जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह के मार्गदर्शन, सीओ रानीखेत विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक भुवन चंद्र जोशी और एसओजी प्रभारी सुनील धानिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई।
