**EDS: RPT, CORRECTS DAY IN CAPTION** Chamoli: Devastation at a disaster-hit area due to heavy rainfall, at Tharali, in Chamoli district, Uttarakhand, Saturday, Aug. 23, 2025. (PTI Photo) (PTI08_23_2025_RPT013B)
चमोली जिले में भारी बारिश और भूस्खलन से ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित है। बद्रीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला ने विकासखंड ज्योतिर्मठ की ग्राम पंचायत किमाणा पहुंचकर आपदा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रशासनिक अधिकारियों को प्रभावितों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
भारी बारिश और भूस्खलन के कारण ग्राम पंचायत किमाणा में कई मकान और गौशालाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं, जबकि बड़ी संख्या में कृषि भूमि को भी नुकसान पहुंचा है। स्थिति का जायजा लेने बद्रीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला प्रशासनिक टीम और राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ गांव पहुंचे।
विधायक ने आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर नुकसान की जानकारी ली और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को नियमानुसार उचित मुआवजा और हर संभव सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाए।
विधायक ने कहा कि इस समय लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। खतरे की जद में रह रहे परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
वहीं, गांव की बंद सड़क को लेकर विधायक ने पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को सड़क मार्ग जल्द से जल्द सुचारू करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके।
