Ramnagar: रामनगर में देर रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद रामनगर के भंडारपानी–सीतावनी मार्ग पर टेड़ा तिलमठ मंदिर के पास स्थित बरसाती नाला अचानक उफान पर आ गया। तेज बहाव के कारण पर्यटक, स्थानीय ग्रामीण और कई वाहन नाले के दोनों ओर फंस गए। करीब दो घंटे तक इस मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
रविवार रात लगातार हुई बारिश के चलते नाले का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। कुछ ही देर में बहाव इतना तेज हो गया कि सड़क पार करना बेहद जोखिम भरा हो गया। सुरक्षा के मद्देनज़र लोगों ने अपने वाहन रोक दिए, जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
इस दौरान कई पर्यटक अपने परिवारों के साथ मौके पर ही फंसे रहे, जबकि स्थानीय ग्रामीणों को भी घर पहुंचने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। बताया जा रहा है कि रात करीब 7 बजे से 9 बजे तक नाला पूरे उफान पर रहा। तेज बहाव के चलते किसी भी वाहन को नाला पार नहीं करने दिया गया और लोगों ने भी समझदारी दिखाते हुए पानी कम होने का इंतजार किया।
करीब दो घंटे बाद जब नाले का जलस्तर घटा और बहाव सामान्य हुआ, तब धीरे-धीरे वाहनों की आवाजाही शुरू कराई गई। इसके बाद सभी फंसे लोग सुरक्षित अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उफनते बरसाती नाले के दोनों ओर खड़े वाहन और बड़ी संख्या में इंतजार करते लोग दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो मानसून के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में बरसाती नालों के खतरे और सतर्कता की आवश्यकता को भी उजागर करता है।
प्रशासन और स्थानीय लोगों ने यात्रियों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनते नालों को पार करने का प्रयास न करें। थोड़ी-सी सावधानी और धैर्य किसी भी बड़े हादसे को टाल सकता है।
