देहरादून को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने की दिशा में नगर निगम लगातार नए प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में आज नगर निगम परिसर में कैबिनेट मंत्री राम सिंह केड़ा ने क्विक रिस्पांस टीम (QRT) की पांच नई गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन गाड़ियों का उद्देश्य शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पड़े कूड़े का त्वरित निस्तारण करना है, ताकि सफाई व्यवस्था और अधिक प्रभावी बन सके।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह केड़ा ने कहा कि क्विक रिस्पांस टीम की ये गाड़ियां शहर में कहीं भी कूड़ा जमा होने की सूचना मिलने पर तुरंत मौके पर पहुंचकर सफाई सुनिश्चित करेंगी। उन्होंने बताया कि शादी-विवाह, धार्मिक आयोजनों और अन्य बड़े कार्यक्रमों के बाद जहां अधिक मात्रा में कूड़ा इकट्ठा हो जाता है, वहां भी यह टीम तत्काल सफाई का कार्य करेगी।
देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल ने कहा कि क्विक रिस्पांस टीम शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएगी। उन्होंने कहा कि इन गाड़ियों के संचालन से शहर के विभिन्न स्थानों पर पड़े कूड़े का शीघ्र निस्तारण होगा, जिससे स्वच्छ और साफ-सुथरा देहरादून बनाने के अभियान को गति मिलेगी।
