Kumbh: धर्मनगरी हरिद्वार में वर्ष 2027 में होने वाले कुंभ मेला को दिव्य और भव्य बनाने के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज हरिद्वार पहुंचे, जहां उन्होंने कुंभ मेले से जुड़े विभिन्न निर्माण कार्यों और व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक कर कुंभ से संबंधित अधूरे निर्माण कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कुंभ मेले को दिव्य और भव्य बनाने के लिए पूरी गंभीरता से काम कर रही है। साथ ही कुंभ की व्यवस्थाओं को लेकर साधु-संतों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ भी लगातार संवाद किया जा रहा है, ताकि देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर समय-समय पर देहरादून और हरिद्वार में अधिकारियों के साथ बैठकें की जा रही हैं और वह स्वयं भी नियमित रूप से हरिद्वार पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जल्द शुरू होने वाली चार धाम यात्रा को लेकर भी व्यापक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
