Bageshwar: बागेश्वर जिला अस्पताल में एक बार फिर लापरवाही को लेकर हंगामा देखने को मिला। एक प्रसूता महिला को एंबुलेंस में बैठाने के दौरान वह सड़क पर गिर गई, जिसके बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना के वक्त वहां से गुजर रहे लोगों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने जिला अस्पताल व 108 एंबुलेंस कर्मचारियों को खरी-खरी सुनाई।
प्रसूता महिला की पहचान कपकोट क्षेत्र के पनोरा गांव निवासी 36 वर्षीय पूनम के रूप में हुई है, जिन्होंने हाल ही में एक बच्ची को जन्म दिया था। नवजात की हालत गंभीर होने के चलते डॉक्टरों ने मां-बच्ची को हायर सेंटर अल्मोड़ा रेफर किया था।
बताया जा रहा है कि अल्मोड़ा रेफर करते समय एंबुलेंस में शिफ्ट करने के दौरान संतुलन बिगड़ने से महिला सड़क पर गिर गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने अस्पताल प्रशासन और एंबुलेंस स्टाफ की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
हंगामे के बाद प्रसूता और नवजात को एंबुलेंस के माध्यम से अल्मोड़ा भेजा गया। घटना ने जिला अस्पताल की आपातकालीन व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
