Uttarakhand: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में आतंकवादियों से मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए बागेश्वर जनपद के कपकोट निवासी हवलदार गजेंद्र सिंह गढ़िया का पार्थिव शरीर मंगलवार को उनके पैतृक क्षेत्र कपकोट पहुंचा।
तिरंगे में लिपटे पार्थिव शरीर के पहुंचते ही क्षेत्र शोक में डूब गया और लोगों की आंखें नम हो गईं। स्थानीय नागरिकों,
जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की। “भारत माता की जय” और “शहीद गजेंद्र सिंह अमर रहें” के नारों से वातावरण गूंज उठा। शहीद की अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की तैयारियां की गईं। शहीद की शहादत पर जिले को गर्व है, वहीं परिवार में गहरा शोक व्याप्त है।
