धर्मनगरी हरिद्वार में छठ महापर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। गंगा के विभिन्न घाटों पर पूर्वांचल समाज के लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ छठी मैया की पूजा-अर्चना की। इस दौरान व्रती महिलाओं ने डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की खुशहाली की कामना की। छठ के पारंपरिक गीतों और भक्ति भाव से पूरा घाट परिसर भक्तिमय नजर आया।
हरिद्वार के हरकी पेड़ी गोविंदघाट प्रेमनगर घाट बहादराबाद गंगा घाट सहित गंगा के विभिन्न घाटों पर छठ महापर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। शाम होते ही व्रती महिलाएं और श्रद्धालु पूजा सामग्री के साथ घाटों पर पहुंचे। पारंपरिक वेशभूषा में महिलाओं ने जल में खड़े होकर विधि-विधान से डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया और छठी मैया की पूजा-अर्चना की। इस दौरान छठ के पारंपरिक गीतों से घाटों पर भक्तिमय माहौल बना रहा।
लोक आस्था के इस महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। वहीं, घाटों पर उमड़ी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। पुलिसकर्मियों के साथ गोताखोरों की भी तैनाती की गई थी। पूर्वांचल समाज के लोगों ने छठ महापर्व को पूरी श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया।
