ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पर आज आस्था के महापर्व छठ पूजा की बेहद भव्य और मनमोहक तस्वीरें देखने को मिलीं। अचानक बदलते मौसम और ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई और घाट पर आस्था का एक अनोखा रूप देखने को मिला।
कई श्रद्धालु बैंड-बाजों के साथ पूजा-अर्चना करने त्रिवेणी घाट पहुंचे, वहीं कुछ श्रद्धालु भगवान के प्रति अपनी अगाध श्रद्धा प्रकट करते हुए दंडवत प्रणाम करते हुए भी नजर आए। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने छठ महापर्व के महत्व और नियमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
श्रद्धालुओं के मुताबिक पहले दिन स्नान करके सात्विक भोजन ग्रहण किया जाता है, जिसमें मुख्य रूप से कद्दू-भात, चने की दाल और बिना लहसुन-प्याज का खाना बनता है। इस दौरान व्रती महिलाएं या पुरुष अपने सोने और रहने का स्थान अलग कर लेते हैं।
दूसरे दिन सुबह से निर्जल व्रत रखा जाता है और शाम को गुड़ की खीर और रोटी का महाप्रसाद बनाया जाता है, जिसे आस-पड़ोस के लोगों में बांटकर ग्रहण किया जाता है। तीसरे दिन यह सूर्य उपासना का मुख्य पर्व है, जिसमें निर्जल व्रत रखकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है।
चौथे दिन उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही इस कठिन और पवित्र महापर्व की समाप्ति होती है। डॉ. सुनीता पासवान सहित अन्य श्रद्धालुओं ने इस पर्व की महत्ता और इसकी विधियों को साझा करते हुए बताया कि यह पर्व अनुशासन, संयम और सूर्य देव के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक है।
