दीपावली पर पटाखों और आतिशबाजी का असर उत्तराखंड की आबोहवा पर भी देखने को मिला। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से जारी एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग के आंकड़ों के मुताबिक, दिवाली के दिन देहरादून का एयर क्वालिटी इंडेक्स 300 के पार पहुंच गया।
हालांकि, राहत की बात यह रही कि प्रदेश के अधिकांश शहरों में एक से आठ नवंबर तक वायु गुणवत्ता का औसत स्तर मॉडरेट श्रेणी में दर्ज किया गया। नैनीताल और टिहरी जैसे शहरों में एक्यूआई 100 से भी नीचे रहा। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते के मुताबिक, दिवाली पर प्रदूषण में बढ़ोतरी के बावजूद निगरानी के दौरान कई शहरों में स्थिति सामान्य दायरे में रही।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से दिवाली से करीब एक सप्ताह पहले ही प्रदेश के अलग-अलग शहरों में एयर क्वालिटी की लगातार मॉनिटरिंग शुरू कर दी गई थी। एक से आठ नवंबर तक के औसत आंकड़ों में अधिकांश शहरों की हवा मॉडरेट श्रेणी में दर्ज की गई।
हालांकि, दीपावली के दिन देहरादून में आतिशबाजी के चलते एक्यूआई 300 के पार पहुंचना प्रदूषण में अचानक हुई बढ़ोतरी को दर्शाता है। वहीं नैनीताल और टिहरी में एक्यूआई 100 से नीचे दर्ज किया गया।
सदस्य सचिव का कहना है कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए किए गए प्रयासों का असर भी देखने को मिला है। लेकिन अब सर्दियों में तापमान में गिरावट और टेम्परेचर इन्वर्जन की स्थिति के चलते प्रदूषक तत्व वातावरण में अधिक समय तक ठहर सकते हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में सतर्कता बरतने की जरूरत है।
