Haridwar: धर्मनगरी हरिद्वार में महाशिवरात्रि से पहले कांवड़ मेले का आगाज़ हो चुका है। सड़कों पर केसरिया रंग और बम-बम भोले के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए हरिद्वार पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं।
एसएसपी हरिद्वार प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि पूरे मेला क्षेत्र को 9 ज़ोन और 19 सेक्टरों में बांटकर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
उन्होंने कहा कि मेले के अंतिम दिनों में जब श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होगी, तब ट्रैफिक डायवर्जन प्लान को पूरी तरह लागू किया जाएगा।
एसएसपी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है, लेकिन यदि कोई हुड़दंग करता है या यातायात नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
